देहरादून। उत्तराखंड के करीब 27 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से उत्तर प्रदेश से परिसंपत्तियों और देनदारियों के बंटवारे से जुड़े करीब ₹5,900 करोड़ के दावे को खारिज कर दिया है। आयोग ने इस पूरे मामले की सुनवाई के बाद केवल ₹389.33 करोड़ की राशि को मंजूरी दी है।

आयोग ने अपने फैसले में प्रशासनिक देरी को भी अहम माना। आयोग के मुताबिक, वर्ष 2003 में स्कीम बनने के बाद लंबे समय तक मामला आगे नहीं बढ़ा। वर्ष 2013 के बाद भी करीब छह साल तक सीधे तौर पर कोई पत्राचार नहीं हुआ और वर्ष 2022 में अधिसूचना जारी होने के बाद भी मामला आयोग के सामने लाने में करीब चार साल की देरी हुई।

खास बात यह है कि फिलहाल इस फैसले के कारण बिजली दरों में कोई तत्काल बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। मंजूर की गई ₹389.33 करोड़ की राशि को सरकार और UPCL के स्तर पर समायोजित करने या भविष्य के टैरिफ प्रस्ताव में शामिल करने का विकल्प रखा गया है।

यानी करोड़ों रुपये का अतिरिक्त बोझ सीधे बिजली उपभोक्ताओं पर डालने की स्थिति फिलहाल टल गई है और प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिली है।